पड़ोसी की कार में मृत मिला मासूम - Bharat News Nation 24

Bharat News Nation 24

हर खबर पर नज़र

Breaking news

Thursday, 8 April 2021

पड़ोसी की कार में मृत मिला मासूम

उरई जालौन ------:(रिपोर्ट -अतुल शास्त्री भारतNews Nation 24) उत्तर प्रदेश बुंदेलखंड जनपद जालौन के  कोटरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत  एक गांव में पड़ोसी की कार के भीतर मासूम का शव मिलने से हड़कंप मच गया। कार का दरवाजा खोलकर शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इंस्पेक्टर सुधांशु पटेल का कहना है कि मौत की वजह दम घुटना हो सकती है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। परिजनों ने भी अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है। हालांकि पुलिस ने गाड़ी मालिक को हिरासत में ले लिया है।                                                          प्राप्त जानकारी के अनुसार कोटरा थाना क्षेत्र के ग्राम ऐंधा गांव निवासी जितेंद्र कुमार का साला मोहित पुत्र बृजनंदन (7) निवासी गांधी नगर कोंच पिछले तीन साल से अपनी बहन आरती के पास रह रहा था। बुधवार को 11 बजे जितेंद्र कुमार अपनी पत्नी के साथ बैंक के काम से एट गया था। जब वह घर लौटा तो मोहित दिखाई नहीं दिया। काफी खोजबीन के बाद उसका कोई पता नही चल सका। शाम करीब पांच बजे गांव के ही प्रदीप की ईसेंट कार में भीतर मोहित नजर आया। कार के लॉक खोलकर बच्चा बाहर निकाला गया लेकिन उसकी सांसें थम चुकी थीं।
जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। तत्काल ही पुलिस को सूचना दी गई। इंस्पेक्टर का कहना है कि फिलहाल अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। उधर, जितेंद्र ने बताया कि जब गाड़ी में मोहित को देखा तो उसके ऊपर चादर पड़ा हुआ था। जीतेंद्र ने मोहित की हत्या का आरोप लगाया है।
कार मालिक और पुलिस का कहना है कि मोहित ने स्वयं ही कार खोली और फिर भीतर से गेट बंद होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि इतना छोटा बच्चा कार का गेट बिना चाबी के कैसे खोल सकता है। जबकि पुलिस का कहना है कि कार के लॉक पहले से ही टूटे पड़े थे। एक सवाल यह भी आ रहा है कि बच्चे के शरीर पर चादर कैसे पहुंचा। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच-पड़ताल कर रही है।
बेटे की तरह प्यार करती थी आरती
बहन आरती बार-बार अपने छोटे भाई मोहित का नाम लेकर बेहोश हो रही थी। पास-पड़ोस के लोगों ने बताया कि तीन साल पहले जब आरती की शादी हुई थी, तभी वह अपने साथ मोहित को भी ले आई थी। आरती अपने भाई को बेटे की तरह प्यार करती थी। उसकी मौत की जानकारी मिलते ही वह बदहवास सी हो गई है।
मोहित की मौत से गांव भर के लोग दुखी है। पास पड़ोस के लोगों का कहना है कि पूरे दिन मासूम मोहित घर के दरवाजे पर दिखाई देता था। कभी किसी का हाथ पकड़कर बाजार चला जाता तो कभी खाने वक्त पड़ोस में किसी के घर चला जाता था। गांव के युवा भी उसे अपना साला ही मानते थे। हादसे के बाद से सभी की आंखें नम थीं।


No comments:

Post a Comment

Pages