जालौन उरई--------: उत्तर प्रदेश बुंदेलखंड जनपद जालौन के कालपी नगर के मीट मार्केट के दुकानदारों ने एक दारोगा पर मारपीट कर सात हजार रुपये छीनने का आरोप लगाया है। सीओ को दिए गए शिकायती पत्र में कहा है कि दुकान सफाई के दौरान घटना को अंजाम दिया गया। इधर, पुलिस का कहना है कि बिना अनुमति दुकान खोली गई थी। पकड़े गए युवक को छोड़ दिया गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद जालौन के विकासखंड कालपी के मुहल्ला उदनपुरा निवासी मीट कारोबारी इरशाद मीट व्यापारियों के साथ कालपी सीओ राहुल पांडेय के पास पहुंचे। शिकायत पत्र देकर आरोप लगाया कि मीट मार्केट में उसकी दुकान है। वह भांजे शोएब से दुकान की साफ सफाई करवा रहे थे। तभी दारोगा नरेंद्र सिंह पहुंचे और भांजे के साथ मारपीट की और मुकदमा दर्ज करने की धमकी दी। धमका कर शोएब से सात हजार रुपये वसूल लिए। दुकानदारों ने बताया कि पुलिस की मिलीभगत से कुछ घरों से मीट का अवैध कारोबार हो रहा है। दारोगा चेकिग के नाम पर भी वसूली करते हैं। पर्ची मांगने पर रौब दिखाते हैं। हालांकि सीओ राहुल पांडेय ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। दारोगा नरेंद्र सिंह ने बताया कि उनकी ड्यूटी श्री दरवाजे के पास है। सूचना मिली कि बिना अनुमति के मीट मार्केट में दुकानें खुल रही हैं। उन्होंने इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी और बिना अनुमति के दुकान खोलने पर मार्केट में पहुंचे। पुलिस देख कर दुकानदार भाग गए। उन्होंने एक लड़के को पकड़ा था जो दुकान का नौकर था जिसे बाद में छोड़ दिया गया। मीट व्यापारियों ने एसडीएम कौशल कुमार को दिए ज्ञापन में बताया कि मीट विक्रय का आदेश पारित होने के बाद भी प्रशासन द्वारा मीट बिक्री पर प्रतिबंध लगाए रखा गया है इसलिए यह आवश्यक है कि मीट बिक्री की अनुमति दे दी जाए।
No comments:
Post a Comment