जालौन -------: (ब्यूरो रिपोर्ट- भारत News Nation 24)उत्तर प्रदेश बुंदेलखंड जनपद जालौन जिले में बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई निरीक्षण और पीड़ितों को राहत सामग्री बांटने रामपुरा के जगम्मनपुर गांव स्थित डिग्री कालेज पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नदियों में बाढ़ के समय सेल्फी न लेने की भी नसीहत दी। कहा कि सरकार हर बाढ़ पीड़ितपरिवार से संवेदना रखती है।
जिन लोगों ने अपनों को इस बाढ़ में खोया है, उनके प्रति भी संवेदना है। हमें सावधानी बरतनी चाहिए। खासतौर पर बाढ़ के पानी में सेल्फी लेने से बचना पड़ेगा। प्राप्त जानकारी के मुताबिक तीन दिन पहले कालपी की यमुना नदी में चार युवक बाढ़ में सेल्फी लेते वक्त काल के गाल में समा गए थे।
सीएम ने कहा कि चंबल में और हरियाणा के बांधों से अचानक पानी छोड़े जाने के कारण ही बाढ़ की भयावह स्थिति हुई है। वे 114 गांवों का हवाई सर्वेक्षण कर चुके हैं। राहत के अलावा सुरक्षा के भी इंतजाम किए जा रहे हैं।इसके लिए अधिकारियों के साथ साथ जनप्रतिनिधियों को भी निर्देश दिए गए हैं। हर बाढ़ पीड़ित की हर संभव मदद की जाएगी। सीएम ने बताया कि उन्होंने सोमवार को भी इटावा और औरय्या जाते वक्त जालौन जिले की बाढ़ की विभीषिका को देखा था।
बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री के अलावा जानवरों के चारे, रहने के इंतजाम आदि की व्यवस्था की जा रही है। पीएसी और एनडीआरएफ के जवानों की मदद से बाढ़ पीड़ितों को पूरी सुरक्षा भी दी जा रही है। इसके बाद उन्होंने डिग्री कालेज में मौजूद बाढ़ पीड़ित महिलाओं से बात की और आपदा राहत के प्रमाणपत्र के साथ-साथ राहत सामग्री भी वितरित की। इस मौके पर प्रभारी मंत्री नीलिमा कटियार, डीएम प्रियंका निरंजन, विधायक गौरीशंकर वर्मा, मूलचंद्र निरंजन, नरेंद्र सिंह जादौन, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी, जिलाध्यक्ष रामेंद्र सिंह आदि रहे।
यमुना व बेतवा की बाढ़ से बचाने के लिए होगा स्थायी समाधान
हमीरपुर जिले में यमुना और बेतवा नदियों में बाढ़ से नब्बे गांवों में तबाही और हजारों लोगों के बेघर होने पर मंगलवार को मुख्यमंत्री ने पीड़ितों को राहत सामग्री देते हुआ कहा कि हर दो तीन साल में यमुना और बेतवा नदियों की बाढ़ से हमीरपुर प्रभावित होता है, इसलिए अब परियोजना बनाकर स्थायी समाधान कराने के निर्देश सिंचाई विभाग के अधिकारियों को दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कलक्ट्रेट के मीटिंग हाल में अधिकारियों के साथ बैठक कर बाढ़ से प्रभावित इलाकों में राहत कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में कहा बाढ़ से बेघर लोगों को तत्काल राहत सामग्री बांटी जाए। प्रत्येक गांव में नोडल अधिकारी तैनात कर बाढ़ की स्थिति पर नजर रखी जाए।
डॉक्टरों की टीम निरीक्षण कर बीमार लोगों को दवाएं दें। मुख्यमंत्री ने समीक्षा के बाद मीडिया से बातचीत करते कहा बाढ़ से नब्बे गांव प्रभावित हैं। बताया कोटा राजस्थान व माताटीला बांध से काफी मात्रा में पानी छोड़े जाने से बाढ़ की स्थिति पैदा हुई है।
कहा, प्रत्येक बाढ़ प्रभावित गांव में नौका उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। दैवी आपदा निधि से धनराशि पहले ही उपलब्ध कराई जा चुकी है। बताया जिन गांवों में विद्युत आपूर्ति बाधित है वहां पेट्रोमैक्स आदि की व्यवस्था करें। शिविरों में महिला आरक्षियों की तैनाती की जाए।
समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ज्ञानेश्वर त्रिपाठी ने बाढ़ के बारे में जानकारी दी। पीड़ित लोगों राशन सामग्री के पैकेट व फूड पैकेट बटवाएं जाने की बात कही। एसपी कमलेश दीक्षित ने बताया बाढ़ से पांच थाने प्रभावित हुए हैं। इनमें पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा एसडीआरएफ व पीएसी की टीम भी बाढ़ से प्रभावित गांवों में राहत व बचाव कार्यों मेें लगी हैं।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष जयंती राजपूत, सदर विधायक युवराज सिंह, विधायक राठ मनीषा अनुरागी, अध्यक्ष नगरपालिका कुलदीप निषाद, मंडलायुक्त दिनेश कुमार सिंह, अपर पुलिस महानिदेशक प्रेमप्रकाश, आईजी के सत्यनारायाणा, एडीएम विनय प्रकाश श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे राजेश यादव, सीडीओ कमलेश कुमार वैश्य, सीएमओ डॉ. अशोक कुमार रावत, उप निदेशक सूचना भूपेंद्र सिंह यादव आदि अधिकारी रहे।
सिंचाई विभाग के अफसरों ने 10 अरब की परियोजना का किया जिक्र
समीक्षा बैठक में यमुना और बेतवा नदियों में बाढ़ को लेकर मुख्यमंत्री ने स्थायी समाधान के लिए परियोजना बनाने के बारे में पूछा तो सिंचाई विभाग के अफसरों ने कुछ साल पहले 106913.73 लाख की रिंग परियोजना बनाकर शासन में भेजने की जानकारी दी। ये परियोजना मौदहा बांध निर्माण खंड हमीरपुर ने तैयार किया था। जिसमें यमुना नदी में इंदिरा सेतु से बेतवा नदी पर बने संजय सेतु तक रिंग बांध बनाकर हमीरपुर और इसके आसपास के गांव व मजरें बाढ़ से सुरक्षित हो जाएंगे। विभाग के अभियंता ने बताया मुख्यमंत्री ने इस परियोजना के बारे में पूरी बात सुनी है।
No comments:
Post a Comment