एमएलसी स्नातक चुनाव कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न जनपद मे 24 मतदान केंद्र व 33 बूथों पर 37.11% मतदान - Bharat News Nation 24

Bharat News Nation 24

हर खबर पर नज़र

Breaking news

Tuesday, 1 December 2020

एमएलसी स्नातक चुनाव कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न जनपद मे 24 मतदान केंद्र व 33 बूथों पर 37.11% मतदान

जालौन उरई----------:(Report- Dr. Shiv Kumar Panchal Bharat News Nation 24 )इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक चुनाव में मतदाता वोट डालने में थर्ड डिवीजन ही हासिल कर सके। जनपद मे 33 बूथों पर 37.11 प्रतिशत मतदान ही हो पाया। एक-दो स्थानों पर कहासुनी को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण हुआ। बूथों पर थर्मल स्क्रीनिंग के बाद सोशल डिस्टेंसिंग के साथ वोट डाले गए। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ मन्नान अख्तर और जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट बूथों का निरीक्षण करते रहे।
स्नातक एमएलसी चुनाव में जिले में 17344 मतदाता बनाए गए थे। मतदान के लिए 24 मतदान केंद्र और 33 बूथ बनाए गए थे। इन बूथों पर सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक 6436 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। 5145 पुरुष और 1291 महिला मतदाताओं ने वोट डाले। सभी मतदान केंद्रों पर कोविड हेल्प डेस्क बनाई गई थी। स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों ने मतदाताओं सेेनेटाइजर, साबुन, मास्क आदि दिया। बूथ पर प्रवेश के पहले मेन गेट पर थर्मल स्क्रनिंग की गई। कई मतदाताओं का तापमान 100 डिग्री के ऊपर निकला, उन्हें बूथ के बाहर ही रोक दिया गया। तापमान कम होने पर उन्हें मतदान करने दिया गया। कुछ केंद्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने में लापरवाही बरती गई।
महिला मतदाताओं ने नहीं दिखाई रुचि           स्नातक चुनाव में महिला मतदाताओं की रुचि कम रही। जिले में 12524 महिला पंजीकृत हैं। इसमें 1291 ने ही मतदान किया।
कंट्रोल रूम से रखी गई पल-पल की जानकारी
स्नातक चुनाव को लेकर कलक्ट्रेट के सभागर में कंट्रोल रूम बना था। इसमें अधिकारी पल पल की जानकारी लेते रहे। कंट्रोल रूप प्रभारी उपायुक्त रोजगार एके गुप्ता ने बताया कि कई बार सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार शुक्ला और अपर जिलाधिकारी प्रमिल कुमार सिंह ने निरीक्षण कर जानकारी ली।
प्रचार तो जोरदार, पर नहीं दिखा मतदाताओं में उत्साह
स्नातक चुनाव के मतदान को लेकर जिला प्रशासन के पार्टियों ने मतदान के लिए जागरूक करने लिए अभियान चलाया। किंतु 37.11मतदान ही हो पाया।
कुछ इस तरह से रहा मतदान का प्रतिशत
समय प्रतिशत
सुबह 9 से 11 6.81
दोपहर 12 से 2 17.07
दोपहर 2 से 4 32.37
शाम 4 से 5 37.11
महिला, पुरुषों का मतदान प्रतिशत
वोटर मतदान प्रतिशत
महिला 1291 11
पुरुष 5145 40
कुल 17344 37.11
मतदान में कालपी तहसील अव्वल, कोंच फिसड्डी
इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक एमएलसी चुनाव में वोट डालने में कालपी क्षेत्र के मतदाताओं ने बाजी मार ली जबकि कोंच क्षेत्र के मतदाता फिसड्डी साबित हुए। कालपी में 42.5 और कोंच में 30.13 प्रतिशत मतदान हुआ।  कालपी  तहसील क्षेत्र में 2035 मतदाता थे, इसमें 42.5 यानी 865 मतदाताओं ने वोट डाले।  तहसील क्षेत्र में 1398 मतदाताओं में 509 ने मतदान किया। यहां मतदान का प्रतिशत 37 रहा।  जालौन के अनुसार 1598 मतदाताओं में 39 प्रतिशत यानी 629 ने वोट डाले। नगर में तीन बूथ बनाए गए थे। तहसीलदार कार्यालय पर बने बूथ 179 पर 400 मतदाता थे, जिसमें 190 ने मतदान किया। इसी तरह बूथ संख्या 180 में दर्ज 429 वोटरों में 216 और ब्लॉक कार्यालय में बने 769 मतदाताओं में 223 ने मतदान किया।  कोंच तहसील क्षेत्र के पांच बूथों पर 30.13 मतदान हुआ। तहसील सभागार बूथ पर दर्ज 582 मतदाताओं में 234, न्यायालय तहसीलदार बूथ पर दर्ज 604 मतदाताओं में 239, ब्लॉक कार्यालय बूथ पर 319 में 106, पिरौना बूथ पर 565 में 238 और नदीगांव ब्लॉक बूथ पर 976 में 102 मतदाताओं नेे मतदान किया।
किसी तहसील में कितना मतदान
तहसील क्षेत्र मतदाता मतदान प्रतिशत
कालपी 2035 42.05
उरई 6243 35.93
जालौन 1598 39.00
माधौगढ़ 1398 37.00
कोंच 6046 30.13
मतदाता और पीठासीन अधिकारी में झड़प
शहर के टाउन हाल में बने बूथ पर मतदाता और पीठीसीन अधिकारी में तीखी झड़प हो गई। मतदाता ओंकार सिंह सेंगर ने बताया कि पहली बार मतदान करने गए थे। आरोप लगाया कि पीठासीन ने उन्हें गलत जानकारी दी, इससे उसका मत अवैध हो गया। जानकारी मिलने पर भाजपा  कार्यकर्ता पहुंच गए। उन्होंने मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की। जिलाधिकारी के हस्तक्षेप के बाद विवाद शांत हुआ। जानकारी के लिए एक कर्मचारी को नामित किया गया है।
बूथों पर दौड़ती रहीं अधिकारियों की गाड़ियां
इलाहाबाद- झांसी खंड स्नातक चुनाव में शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए सुबह जिला निर्वाचन अधिकारी और जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट मुस्तैद रहे। डीएम डॉ. मन्नान अख्तर ने एसपी डॉ. यशवीर सिंह पहले मुख्यालय के बूथों का निरीक्षण किया। इसके बाद कोंच तहसील के दो और नदीगांव के एक बूथ का निरीक्षण किया। छुटपुट कमियों को छोड़ अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलीं।
पहली बार डाला वोट
एमएलसी चुनाव मतदान में पहली बार मतदान करने वालों की संख्या ज्यादा रही। कोंच ब्लॉक कार्यालय बूथ पर भाई आदेश और राजबहादुर के साथ वोट डालने पहुंचे भदेवरा गांव के स्वदेश कुमार (42) ने बताया कि स्नातक चुनाव में पहली बार वोट देने आए हैं। लोकसभा और विधानसभा चुनावों में कई बार मतदान कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि जागरुकता के अभाव मेें लोग एमएलसी चुनाव में वोटर नहीं बन पाते हैं। एक मित्र ने वोटर बनवा दिया, जिससे मतदान का मौका मिल गया।
दिव्यांगों ने भी डालेे वोट
कोंच ब्लॉक कार्यालय में बने बूथ पर जुझारपुरा निवासी दिव्यांग रजनीदेवी ने मतदान किया। वह बहन के बेटे के साथ वोट डालने आईं थीं। रजनी ने बताया कि एमएलसी चुनाव में पहली बार वोट डाल रही हैं।
जन प्रतिनिधियों व पार्टी पदाधिकारियों ने किया मतदान
उरई। जनप्रतिनिधियों और पार्टियों के संगठन पदाधिकारियों ने भी मतदान किया। सांसद भानुप्रताप वर्मा, पूर्व पालिकाध्यक्षा विनीता सीरौठिया, पूर्व सपा जिलाध्यक्ष चौ. धीरेंद्र सिंह यादव, भाजपा नगर अध्यक्ष सुनील लोहिया ने वोट डाले। अपने अपने दलों के प्रत्याशियों के बस्तों पर जाकर कार्यकर्ताओं का उत्साह भी बढ़ाया।
विधायकों ने भी बहाया पसीना
पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में ज्यादा से ज्यादा मतदान के लिए विधायकों ने भी खूब पसीना बहाया। कालपी विधायक नरेंद्र सिंह जादौन ने कालपी बूथों में पहुंच कर कार्यकर्ताओं से बात की तो सदर विधायक गौर शंकर वर्मा जालौन में पार्टी प्रत्याशी के बस्तों पर पहुंचे।


No comments:

Post a Comment

Pages