उत्तर प्रदेश में कोरोना पीड़ितों की संख्या बढ़कर हुई 43 कानपुर के हैलट से भागे कोरोना तीन संदिग्ध - Bharat News Nation 24

Bharat News Nation 24

हर खबर पर नज़र

Breaking news

Wednesday, 25 March 2020

उत्तर प्रदेश में कोरोना पीड़ितों की संख्या बढ़कर हुई 43 कानपुर के हैलट से भागे कोरोना तीन संदिग्ध

उत्तर प्रदेश ----------:चीन  के  बुहान  से फैले  कोरोना सँक्रमण का कहर समूचे विश्व को अपनी जद में ले चुका है। भारत में यह स्टेज टू से थ्री की ओर बढ़ने को है। ऐसे में केंद्र के साथ राज्य सरकार ने कमर कर ली है। देश  भर में 21 दिन के लॉकडाउन के बीच उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के पॉजिटिव की संख्या बढ़ती जा रही है।

लखनऊ के किंग जार्ज मेडिकल कॉलेज से गुरुवार को सैंपल की रिपोर्ट जारी हुई है, उसमें चार केस पॉजिटिव है। इनमें तीन नोएडा के हैं। चौथा शख्स बागपत का है। यह सभी नोएडा तथा बागपत के अस्पताल में भर्ती हैं। इस तरह से अब उत्तर प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव की संख्या बढ़कर 43 हो गई है। बुधवार तक 39 थे।

लखनऊ में एसजीपीजीआई लखनऊ के सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर सुजीत कुमार ने बताया कि लखनऊ के किंग जार्ज मेडिकल कॉलेज तथा हमारे संस्थान में भर्ती कोरोना वायरस पॉजिटिव सभी की शारीरिक स्थिति ठीक है। हम पिछले छह दिनों से घर नहीं गए हैं। हम अपने कर्तव्य पालन में लगे हैं। हम सभी की अच्छी तरह से देखभाल में लगे हैं। हमारे यहां हमारी टीम में नर्सिंग स्टाफ दिन-रात लगा है।

पीलीभीत में मां के बाद बेटा भी पॉजिटिव

पीलीभीत में मक्का से उमरा कर लौटी महिला में पहले ही कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई थी। अब उनके बेटे में भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। हालांकि परिवार से जुड़े तीन अन्य लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है।

बागपत में कोरोना से संक्रमित युवक दुबई से लौटा था। वह 19 मार्च को वापस आया था और खुद को घर पर ही आइसोलेट कर लिया था। तबीयत ज्यादा खराब होने पर युवक खुद ही मंगलवार सुबह जिला अस्पताल पहुंच गया था। मेरठ सीएमओ डा. राजकुमार ने बताया कि युवक की कोरोना की जांच रिपोर्ट स्क्रीनिंग में पॉजिटिव आई है।

आइडीएच कानपुर से भागे तीन कोरोना संदिग्ध युवक

कानपुर में कोरोना वायरस पॉजिटिव का संदेह होने पर हैलट के संक्रामक रोग अस्पताल (आइडीएच) में भर्ती तीन युवक भाग गए। इसकी जानकारी होते ही खलबली मच गई। सीएमओ ने पुलिस को इसकी सूचना दी। तीन में से दो युवकों के नमूने जांच के लिए लखनऊ भेजे गए हैं, जबकि तीसरे दिन युवक को बुखार होने पर संदिग्ध मानकर आइडीएच भेजा गया था। दक्षिण अफ्रीका से लौटे कल्याणपुर के शिव विहार निवासी कटियार के 29 वर्षीय पुत्र को आइडीएच में मंगलवार की दोपहर भर्ती कराया गया था। इसके अलावा महाराजपुर थाना के सरसौल निवासी शुक्ल का 30 वर्षीय पुत्र भी यहां मंगलवार को भर्ती कराया गया। इसकी केस हिस्ट्री में कोरोना संक्रमित व्यक्ति के साथ रहने का जिक्र है। बेहद संवेदनशील मानते हुए देर रात दोनों युवकों का नमूना लेकर केजीएमयू लखनऊ भेजा गया। बुधवार सुबह दोनों युवक अस्पताल से भाग गए।

सुबह जब सीएमएस डॉ. अनूप शुक्ला ने आइसोलेशन वार्ड का निरीक्षण किया तो दोनों के भागने की जानकारी हुई। उन्होंने हैलट पुलिस चौकी को सूचना दी। इसके अलावा बुधवार को औरैया से दिखाने आए योगेंद्र सिंह सेंगर को जुकाम और बुखार होने पर कोरोना का संदिग्ध मानते हुए आइडीएच भेजा गया था, जहां से वह भी भाग गया। वहीं सीएमओ डॉ. अशोक शुक्ला का कहना है कि युवकों के भागने की सूचना पुलिस और प्रशासन को दे दी गई है। यदि पुलिस-प्रशासन युवकों को नहीं पकड़ पाता है तो उनके खिलाफ गुरुवार को मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। वहीं, स्वरूप नगर के थाना प्रभारी अश्विनी कुमार पांडेय का कहना है कि तीनों युवकों के भागने की जानकारी मिली है। संबंधित थाना क्षेत्रों को उनके भागने की सूचना दे दी गई है। युवक अभी तक पकड़े नहीं गए हैं। 

No comments:

Post a Comment

Pages