लखनऊ-------:उत्तर प्रदेश में गुरुवार को कोरोना वायरस से संक्रमित दो और नए मरीज पाए गए। इसमें से एक मरीज लखनऊ व दूसरा लखीमपुर खीरी का रहने वाला है। लखनऊ में रहने वाला मरीज यूनाइटेड किंगडम (यूके) व लखीमपुर खीरी का रहने वाला मरीज तुर्की की यात्रा करके लौटे थे। दोनों लखनऊ स्थित किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में भर्ती हैं। फिलहाल अब तक यूपी में 19 लोगों में कोरोना वायरस पाया जा चुका है। इस बीच राहत भरी खबर है कि आगरा के सात और नोएडा के एक मरीज के स्वस्थ होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है, इस तरह अब कोरोना वायरस से संक्रमित 11 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। ऐसे में बिना घबराए बचाव के उपाय करें।
लखनऊ में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज के संपर्क के आए 15 लोगों और लखीमपुर खीरी के मरीज के संपर्क में आए 16 लोगों को चिह्नित किया गया है। इनकी भी जांच करवाई जाएगी। उधर, गुरुवार को प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों में 57 संदिग्ध मरीजों को भर्ती किया गया। 1029 संदिग्ध मरीजों के नमूने जांच के लिए लैब भेजे जा चुके हैं और इसमें से 889 संदिग्ध मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 121 संदिग्ध मरीजों की जांच रिपोर्ट आना बाकी है। फिलहाल अभी तक कोरोना वायरस के जो 19 मरीज सामने आए हैं उनमें आगरा के आठ मरीज हैं लेकिन इसमें से सात स्वस्थ घोषित हो चुके हैं, नोएडा में चार मरीजों में से एक मरीज स्वस्थ घोषित हो चुका है, लखनऊ में चार मरीज और गाजियाबाद में दो मरीज कोरोना वायरस से संक्रमित हैं।
No comments:
Post a Comment