उरई जालौन / कदौरा - कस्बे के मुख्य बाजार में सोमवार शाम ग्राहक बनकर ज्वैलर्स की दुकान में खरीदारी करने आए टप्पेबाजों ने दुकान से दो लाख की जेवर से भरा बाक्स पार कर दिया। अचानक ग्राहक के दुकान से बिना बताए चले जाने पर ज्वैलर्स को शक हुआ तो उसने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो टप्पेबाज बॉक्स चोरी करते नजर आए। व्यापारी ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार को कस्बा निवासी राजेश सोनी पुत्र मइयादीन ने पुलिस को तहरीर दी कि उसकी दीपक ज्वैलर्स के नाम से मुख्य बाजार में सर्राफा की दुकान है। सोमवार शाम करीब 5 बजे उसकी दुकान पर ग्राहकों को आभूषण दिखा रहा था। इसी बीच दो व्यक्ति आए और उससे शादी विवाह के लिए सोने चांदी के गहने खरीदने की बात कह कर दिखाने को कहा। जिस पर उसने करीब डेढ़ दर्जन से अधिक सोने के पेंडल का बॉक्स उनको दिखाया और अन्य ग्राहकों से बात करने लगे।
इसी बीच दोनों लोग बगैर बताए दुकान से चले गए। उनके जाने के बाद जब उसने सोने के पेंडल का बॉक्स गायब देखा तो उन लोगों की तलाश की, लेकिन कोई नहीं मिला। सराफ ने बताया कि पेंडलों की कीमत दो लाख रुपये से अधिक है। दोनों बंगाली भाषा का प्रयोग कर रहे थे। एक दुकान के अंदर बैठ कर गहने देख रहा था, जबकि उसका दूसरा साथी दुकान के बाहर खड़ा था। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है, सीसीटीवी फुटेज देख कर टप्पेबाजो की गिरफ्तारी की जाएगी।

No comments:
Post a Comment