लखनऊ----------: उत्तर प्रदेश वैश्विक महामारी कोविड 19 कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के बीच तालमेल गड़बड़ था, जिसकी वजह से गौतमबुद्धनगर (नोएडा) में कोरोना संक्रमण बढ़ गया। नाराज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वहां के जिलाधिकारी को हटा दिया, लेकिन अफसरों ने सबक नहीं लिया। हैरत की बात है कि जब सरकार इतनी गंभीरता और सख्ती बरत रही है, तब 75 में से 40 जिलों की स्थिति असंतोषजनक मिली है। अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने पत्र लिखकर अधिकारियों को लॉकडाउन का पालन कराने के कड़े निर्देश दिए हैं।
कानून व्यवस्था और अन्य स्थितियों की समीक्षा करते हुए अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने कोरोना संक्रमण को बढ़ने से रोकने के लिए और प्रभावी कार्रवाई करने को कहा है। लखनऊ व गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट के अलावा मेरठ व बागपत में पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों के बीच समन्वय की कमी पाई गई है। कई जगह पुलिस में आपसी तालमेल का अभाव पाया गया है। सरकार ने इसे बेहद गंभीरता से लिया है। माना जा रहा है कि कई जिलों के अधिकारियों पर जल्द कार्रवाई भी हो सकती है। अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी का कहना है कि कोरोना प्रभावित जिलों की समीक्षा के बाद व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
डीजीपी हितेश चंद्र अवस्थी ने भी हॉटस्पॉट क्षेत्रों में लॉकडाउन का पालन और सख्ती से कराने का निर्देश दिया है। डीजीपी ने कई अधिकारियों को अल्टीमेटम देने के साथ ही कार्रवाई के संकेत भी दिए हैं। डीजीपी ने एडीजी जोन लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर व आगरा, आइजी/डीआइजी रेंज लखनऊ, कानपुर, बस्ती, आगरा तथा एसएसपी/एसपी उन्नाव, कन्नौज, संतकबीरनगर व मैनपुरी को निर्देश दिया है कि हॉटस्पॉट क्षेत्रों में किसी भी दशा में आवाजाही पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया जाए। चिकित्सा विभाग के साथ मिलकर तत्काल फायर सर्विस के वाहनों के जरिए सैनिटाइजेशन की कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाए। डीजीपी का कहना है कि जिन जिलों में शारीरिक दूरी का पालन कराने और हॉटस्पॉट में लापरवाही होगी, वहां कार्रवाई की जाएगी।
No comments:
Post a Comment