बिजली की समस्या से त्रस्त भड़के किसान फीडर कराया बंद - Bharat News Nation 24

Bharat News Nation 24

हर खबर पर नज़र

Breaking news

Friday, 9 October 2020

बिजली की समस्या से त्रस्त भड़के किसान फीडर कराया बंद

जालौन उरई --------:(रिपोर्ट विनय पांचाल भारत न्यूज़ नेशन 24 नेटवर्क) उत्तर प्रदेश बुंदेलखंड जनपद जालौन। ग्रामीण क्षेत्र में बिजली की समस्या को लेकर उदोतपुरा बिजलीघर पर इलाकाई किसानों ने धरना दिया। विभाग के अधिकारियों ने पुलिस बुलाई तो गुस्साए किसान पूरे क्षेत्र की बिजली बंद कर नारेबाजी करने लगे। मौके पर पहुंचे एसडीएम और एसडीओ ने आक्रोशित किसानों को शांत कराया। अधिकारियों ने बिजली व्यवस्था को सुधारने का आश्वासन दिया है।
इस समय खेतों में रबी की फसल की बुआई से पहले किसान खेतों में पलेवा कर रहे हैं। नहरें फुल गेज से नहीं चल रही हैं। दबंग किसान जगह-जगह बंधा बनाकर पानी रोक लेते हैं। इससे आगे के किसानों को पानी नहीं मिल पाता है। बिजली कटौती से नलकूप नहीं चल पा रहे हैं। ग्रामीण इलाकों को पांच से छह घंटे आपूर्ति दी जा रही है। किसानों का आरोप है कि दो से तीन घंटे भी लगातार बिजली नहीं मिल पा रही है। इससे पलेवा नहीं हो पा रहा है। इससे गुस्साए प्रतापपुरा, माहिया, शेखपुरा, सींगपुरा, जगनेवा, हीरापुर सहित एक दर्जन गांवों के एक सैकड़ा से अधिक किसान सुबह आठ बजे उदोतपुरा स्थित बिजलीघर पर धरना प्रदर्शन करने लगे। जानकारी पर जेई पी राम ने पुलिस बुला ली। इस पर किसान भड़क गए। इन्होंने सभी फीडर बंद करा दिए।
मौके पर पहुंचे एसडीएम गुलाब सिंह ने एसडीओ कौशलेंद्र सिंह को बुलाकर समस्या के बारे में जानकारी ली। एसडीओ ने बताया कि बिजलीघर में लगे ट्रांसफार्मर पर लोड ज्यादा है। इससे बिजली की आवाजाही बनी रहती है। एसडीएम ने किसानों को भरोसा दिया कि विभाग के अधिकारियों से बात कर जल्द अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगवाया जाएगा। तब तक रोस्टर के अनुसार प्रत्येक फीडर को 6-6 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति की जाएगी। बताया कि हदरुख में फीडर स्थापित किया जा रहा है। इससे प्रभावित कुछ गांवों को जोड़ा जाएगा। इस आश्वासन पर लगभग दो घंटे के बाद किसान शांत हुए। इस मौके पर संजू यादव, बबलू यादव, जितेंद्र सिंह, महेंद्र प्रताप, शिव बालक, मलखान सिंह, मनोज कुमार, दीपू गुर्जर, अजय बाबू, सुरेश राठौर, प्रभु दयाल, सुरेश यादव, अमोल सिंह, सोनू पाठक, निशांत पाठक आदि रहे।
विधायक ने लखनऊ तक पहुंचाया मामला
जालौन। किसानों के उदोतपुरा बिजलीघर पर धरना, प्रदर्शन की जानकारी भाजपा नेता संजू खत्री ने लखनऊ में मौजूद सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा को दी। इस पर सदर विधायक शक्ति भवन पहुंचे। उन्होंने पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष अरविंद कुमार से समस्या के बारे में वार्ता की। उन्होंने उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर रखवाने की मांग की। अध्यक्ष ने शीघ्र ही उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर रखवाने का भरोसा दिया।

No comments:

Post a Comment

Pages