उरई जालौन--------:(रिपोर्ट -अतुल शास्त्री भारत News Nation 24 )उत्तर प्रदेश बुंदेलखंड जनपद जालौन के आटा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम ददरी गांव में शराब पीने के बाद हुई दो लोगों की मौत के मामले में एक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने से विसरा सुरक्षित रखा गया है। जिससे शराब के मिलावटी होने की आशंका भी बढ़ गई है।
इसी मामले में एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने भी आटा थाना प्रभारी को हटा दिया है और संबंधित चौकी इंचार्ज व एक सिपाही को निलंबित किया है। एसपी ने बताया कि गांव के ही एक युवक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला भी दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह क्षेत्र के ददरी गांव निवासी महेंद्र की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया था। इसके कुछ ही देर बाद उसके साथी देवेंद्र की भी मौत हो गई थी। जबकि गांव के दो अन्य युवक धर्मसिंह व करन सिंह अस्पताल में भर्ती हैं।चारों ने दो दिन पूर्व एक साथ बैठकर शराब पी थी। पुलिस ने देवेंद्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। इसके बाद मंगलवार की रात ही डीएम और एसपी ने गांव पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया था। सीओ कालपी आरपी सिंह ने बताया कि विसरा सुरक्षित होने के कारण देवेंद्र की मौत का कारण पूरी तरह से स्पष्ट नहीं है।
शुरुआती जांच में पता चला है कि चारों ने दो दिन पहले गांव के ही रामहेत के घर से अवैध शराब खरीद कर पी थी। तलाशी में रामहेत के घर से भी शराब के खाली क्वाटर के अलावा कुछ बड़े खाली बर्तन मिले हैं। जिससे शराब के मिलावटी होने की आशंका है।
फिलहाल रामहेत फरार है और उसके खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं एसपी ने अवैध व मिलावटी शराब की बिक्री को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी सुनील सिंह हटाकर अपराध शाखा भेजा गया है, उनके स्थान पर शिव गोपाल को चार्ज दिया गया है। जबकि ददरी गांव से संबंधित संकट मोचन चौकी इंचार्ज शीतला प्रसाद व सिपाही बृजेश को निलंबित कर दिया गया है।
मृतक देवेंद्र और महेंद्र शराब के लती तो थे लेकिन तीन दिन पहले उन्होंने रामहेत से खरीद कर जो शराब पी उसमें गड़बड़ी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है। फिलहाल उसके घर से शराब तो नहीं बरामद हुई और न ही बरामद खाली क्वाटरों का बार कोड भी स्कैन हो पा रहा है। फिर भी पुलिस पता करने में जुटी है कि रामहेत आखिर शराब खरीदता कहां से था, जल्द ही पता चल जाएगा।
No comments:
Post a Comment