उरई जालौन------:( ब्यूरो रिपोर्ट भारत News Nation 24)उत्तर प्रदेश बुंदेलखंड जनपद जालौन पटना-इंदौर एक्सप्रेस में सोमवार की रात यात्रियों के साथ हुई लूटपाट के मामले में आरपीएफ एस्कार्ट के दो सिपाही निलंबित किए गए हैं। आरोप है कि वारदात के बाद भी उन्हें घटना की जानकारी थी। आरपीएफ कमांडेंट आलोक कुमार ने बताया कि लापरवाही के चलते सिपाहियों को निंलंबित किया गया है। इस मामले में इंस्पेक्टर से भी पूछताछ की जा रही है। वहीं बदमाशों की धरपकड़ का प्रयास भी जारी है।
बता दें कि झांसी कानपुर रेलवे ट्रैक पर सौ किलोमीटर की परिधि में सरसौखी और पारीछा स्टेशन के पास इंदौर पटना और पुष्पक एक्सप्रेस में हुई लूटपाट की घटना के बाद रेलवे अधिकारियों में हड़कंप है। कमांडेंट के मुताबिक अभी तक जांच मे सामने आया कि घटना के वक्त एस्कार्ट के सिपाही संतोष मिश्रा और महफूज सो रहे थे। यही वजह थी कि कंट्रोल रूम को सूचना सिपाहियों से बजाए हेल्पलाइन नंबर से मिली थी। इसी के आधार पर दोनों एस्कार्ट सिपाहियों को निलंबित किया गया है। लूटकांड के खुलासे के लिए इसमें सिविल पुलिस की भी मदद ली जा रही है।
साइबर क्राइम की टीम लगी लोकेशन में
आरपीएफ के कमांडेंट के मुताबिक, इस मामले में साइबर क्राइम ब्रांच की टीम अलग से जांच कर रही है। जिस जगह घटनाएं हुई है वहां के आसपास के टावर से मोबाइल लोकेशन भी निकाली गई है। टीमें जिस तरह से काम में लगी है और अधिकारी मानीटरिंग कर रहे है, उम्मीद है कि इस लूटपाट का जल्द खुलासा हो जाएगा।
उच्चाधिकारियों ने संभाली जांच की कमान
सरसौखी और पारीछा स्टेशन पर हुई घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल सकते में है। जीआरपी के एसपी मोहम्मद इमरान खुद चिरगांव स्टेशन के आसपास डेरा जमाए रहे। वहीं आरपीएफ के सहायक मंडल सुरक्षा आयुक्त संजय कुमार सिंह और जीआरपी सीओ डॉ नईम अलग-अलग जांच कर रहे है। जबकि आरपीएफ कमांडेंट आलोक कुमार भी झांसी व मुस्तरा स्टेशन के आसपास सुरक्षाबलों के साथ गश्त करते रहे।
यात्री बनकर सुराग तलाश रही टीमें
चौबीस घंटे के अंदर दो ट्रेनों में हुई लूटपाट के बाद सुरक्षा बल मुस्तैद हो गया है। बावर्दी के साथ कुछ सुरक्षा बलों के जवान बिना वर्दी के भी ट्रेनों में यात्रियों के बीच चल रहे है। वेंडरों पर निगाह सख्त है। जैसे ही ट्रेनें रुकती है तो जवान ट्रेन से उतरकर मुस्तैद खड़े हो जाते है। तत्काल ही ट्रेन के खड़े होने के कारण कंट्रोल रूम को अवगत कराते हैं। होम सिग्नल को बारीकी से देखा जा रहा है।
No comments:
Post a Comment