बुंदेलखंड ललितपुर----------: उत्तर प्रदेश बुंदेलखंड के जनपद ललितपुर थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम मैनवारा में लुखरया भाटा से मिट्टी खोदने के लिए अपने अन्य मजदूरों के साथ गए भरत चौधरी की बीते रोज मिट्टी धंसकने से मौत हो गई थी।
ग्राम मैनवारा में मिट्टी से बालू बनाने का काम किया जाता है। इस बालू को पूरे क्षेत्र में (चाइना बालू) के नाम से जाना जाता है। इसमें कंकरीली मिट्टी को पानी से धोया जाता है, जिससे मिट्टी बह जाती है और कंकड़ शेष रह जाते हैं। क्षेत्र की मिट्टी में कंकड़ बहुत अधिक मात्रा में पाए जाते हैं, इसलिए मिट्टी से बालू बनाने का कारोबार खूब चलता है।
इसके लिए गांव से कुछ दूर लुखरया भाटा से मिट्टी खोदने का काम होता है। ग्रामीण ट्रैक्टर से दूसरी जगह मिट्टी ले जाकर बालू बनाने का कार्य करते हैं। बुधवार की सुबह ग्रामीण गांव के भरत चौधरी को मिट्टी खुदाई के लिए अपने साथ ले गए। मिट्टी भरने के लिए ट्रैक्टर चालक अपना ट्रैक्टर बैक करने लगा, तो पीछे खड़ा भरत ट्रैक्टर चालक को पीछे आने का रास्ता बताने लगा। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर पीछे की ओर तेजी से बढ़ा, जिससे भरत ट्रैक्टर से टकरा कर नीचे गिर गया, जबकि ट्रैक्टर ने पीछे खुदाई हो रही मिट्टी के टीला में ठोकर मारी। इससे वह मिट्टी नीचे गिरे भरत के ऊपर जा गिरी तो वह चिल्लाने लगा और यह देखकर सभी घबरा गए और मौके से भाग गए।
कुछ देर बाद वहां से निकले लोगों ने चिल्लाने की आवाज सुनी तो मिट्टी में धंसे युवक के पास गए। भरत छटपटाता हुआ मिट्टी हाथों की अंगुलियों से निकालने की कोशिश कर रहा था। पास पहुंचे लोगों ने उसे बचाने के लिए बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। इस पर उन्हीं लोगों ने मृतक के परिजनों और पुलिस को जानकारी दी।
जानकारी मिलने पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। मृतक के चाचा उत्तम चौधरी ने बताया कि मृतक दो भाई व तीन बहनों में सबसे बड़ा था, जबकि दूसरा भाई मानसिक रुप से स्वस्थ्य नहीं है। उसने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तो देर शाम को दो गाड़ियों से कुछ लोग उनके घर आए। आरोप है कि उन्होंने धमकाते हुए कहा कि अगर पुलिस में मामला ले गए तो अच्छा नहीं होगा। इस पर उन्हें महिलाओं ने घेर लिया तो गाड़ी छोड़कर वह लोग व्भाग गए। इसके बाद परिजनों ने घटना की जानकारी जखौरा पुलिस को दी।
No comments:
Post a Comment