जालौन उरई----------: कोरोना जैसी महामारी को रोकने और लोगों को जागरूक करके इस महामारी से बचने के टिप्स देने के लिए अब सडक़ों पर मनचलों की खबर लेने वाली महिला शक्ति मोबाइल टीम की प्रभारी रानी गुप्ता ने नया तरीका अपना लिया है। उन्होंने अपनी टीम के साथ स्कूलों में जाकर स्कूल स्टाफ से साफ सफाई और कोरोना से किस तरीके से छात्र छात्राओं का बचाव किया जा रहा है उसकी जानकारी ली। उसके बाद रानी गुप्ता ने खुद भी छात्राओं को इस महामारी से किस तरह बचा जाए उसकी जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक डा. सतीश कुमार के निर्देशन में महिला शक्ति मोबाइल टीम प्रभारी रानी गुप्ता अपनी टीम अपराजिता, जितेंद्र कुमार, रंजीत के साथ नगर के रामश्री पब्लिक स्कूल, रामजी लाल पांडेय सहित कई स्कूलों में गई जहां पर उन्होंने पहले तो विद्यालय स्टाफ से बातचीत की और पूछा कि पूरे विश्व को हिला देने वाली इस बीमारी से किस तरह से छात्राओं को सुरक्षित रखा जा रहा है। हालांकि कई विद्यालयों में गंदगी देख एसआई रानी गुप्ता ने नाराजगी भी जाहिर की। उन्होंने बाद में छात्राओं से भी बातचीत की और उनको सलाह दी कि स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और जब भी घर से निकलें मास्क का प्रयोग करें। उन्होंने बताया कि शुरूआत के लक्षणों में खांसी, बुखार व सांस लेने में दिक्कत होना है। कोरोना के लक्षण सामान्य सर्दी जुखाम जैसे होते हैं। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर न जाएं, हाथ मिलाने से बचें और अगर किसी को खांसी आदि हो रही है तो उससे दूरी बनाए रखें। रानी गुप्ता ने छात्राओं को सलाह दी कि छींकते व खांसते समय चेहरे को ढांक कर रखें व कोरोना से लडऩे के लिए प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाएं।
No comments:
Post a Comment