बेटियों व देवर संग महिला नदी में कूदी - Bharat News Nation 24

Bharat News Nation 24

हर खबर पर नज़र

Breaking news

Friday, 13 March 2020

बेटियों व देवर संग महिला नदी में कूदी

रायबरेली -----: उत्तर प्रदेश रायबरेली के गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र में पति से झगड़े से क्षुब्ध एक महिला ने अपनी तीन बेटियों को सई नदी में फेंकने के बाद देवर के साथ खुद भी छलांग लगा दी। घटना से सनसनी फैल गई। हालांकि, राहगीरों ने महिला को जिंदा बचा लिया। उसने दोबारा नदी में कूदने की कोशिश की तो उसे पेड़ से बांध दिया।

सूचना पर पहुंचे गोताखोरों ने दो मासूम बेटियों व देवर के शव नदी से बाहर निकाले। डेढ़ साल की मासूम की तलाश की जा रही है। पुलिस ने महिला व उसके पति को हिरासत में ले लिया है।

जिले के हरचंदपुर थानाक्षेत्र के पूरे महादेवन मजरे रहवां निवासी अमरनाथ व उसकी पत्नी रामकली के बीच गुरुवार रात किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। अमरनाथ बिहार में रहता है। होली पर ही घर आया था। पति से झगड़ा होने के बाद शुक्रवार सुबह बाइक से रामकली अपनी तीन बेटियों हिमांशी (6), दामिनी (4) और रोशनी (डेढ़ साल) व देवर अमरदेव (35) के साथ मायके जाने की बात कहकर निकली थी। इसके बाद सभी गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के अघौरा स्थित सई नदी पुल पर पहुंचे।

रामकली के मुताबिक उसने पहले तीनों लड़कियों को पुल से नदी में फेंक दिया और फिर देवर अमरदेव के साथ खुद भी नदी में छलांग लगा दी। इसी दौरान मौके पर पहुंचे राहगीरों ने महिला को किसी तरह नदी से बाहर निकाल लिया। महिला ने दोबारा नदी में कूदने का प्रयास किया तो उसे पेड़ से बांध दिया।

पति व पत्नी के बीच मधुर नहीं थे रिश्ते

पुलिस के अनुसार रोजी-रोटी की तलाश में ज्यादा समय घर से बाहर गुजारने वाले पति अमरनाथ और उसकी पत्नी रामकली के बीच रिश्ते मधुर नहीं थे। होली पर वह घर आया था। कई शंकाओं के कारण कहासुनी के बाद दोनों में झगड़ा हुआ था।

मामले पर जिले के पुलिस अधीक्षक स्वप्निल ममगाई का कहना है कि सुबह नौ बजे घटना की सूचना मिली थी। गोताखोर व टीम को भेजा गया। दो बेटियों व युवक के शव को नदी से निकाला गया है। मासूम की तलाश गोताखोर कर रहे हैं। महिला को बचा लिया गया है। पति को अवैध संबंधों की आशंका थी। मामले की पड़ताल कराई जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Pages