लखनऊ--------उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में कोरोना टीम में ड्यूटी कर रहे एक डॉक्टर की हालत बिगडऩे से स्वास्थ्य विभाग में खलबली मची है। उन्हें गंभीर हालत में टीएमयू में भर्ती कराया गया है। हालत ज्यादा खराब होने की वजह से चिकित्सकों ने डॉक्टर को आइसीयू में भर्ती कर दिया है। कोरोना की जांच के लिए नमूना भी भेजा गया है।
उत्तर प्रदेश मुरादाबाद के ताजपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डॉ. निजामुद्दीन की जमातियों के सर्वे में ड्यूटी लगी थी। उनकी शुक्रवार देर रात हालत बिगड़ गई। उनके परिवार के लोगों ने तत्काल स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया। एंबुलेंस से उन्हें पहले जिला अस्पताल लाया गया। सांस लेने में परेशानी होने पर उन्हें फौरन ही टीएमयू के लिए रेफर कर दिया गया। कुछ देर में उन्हें आक्सीजन देने के बाद भी सुधार नहीं होने पर आइसीयू में शिफ्ट कर दिया गया। डॉक्टरों की माने तो फेफड़े में पानी भरने से एक फेफड़ा दिख नहीं रहा है। ताजपुर पीएचसी के डॉक्टर की तब्लीगी जमात के सर्वे में डयूटी लगाई गई थी। उनको प्रतिदिन रिपोर्ट करने के लिए सीएमओ कार्यालय में आना जाना लगा रहा। एसीएमओ डॉ. दिनेश कुमार प्रेमी ने बताया कि ताजपुर पीएचसी के डॉक्टर की हालत खराब होने पर उन्हें भर्ती कराया गया है। कोरोना टेस्ट के लिए नमूना जांच के लिए भेजा है।
No comments:
Post a Comment