रोडवेज बस की चपेट में आने से पैदल जा रहे छह श्रमिकों की मौत - Bharat News Nation 24

Bharat News Nation 24

हर खबर पर नज़र

Breaking news

Wednesday, 13 May 2020

रोडवेज बस की चपेट में आने से पैदल जा रहे छह श्रमिकों की मौत

लखनऊ-------: उत्तर प्रदेश वैश्विक महामारी कोरोना वायरस संक्रमण कोविड-19 लॉकडाउन के बीच भूखे-प्यासे पैदल ही अपने घरों की ओर जा रहे  मजदूरों को बुधवार  देर रात ताज डिपो आगरा की बस ने कुचल दिया। दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार ने कुछ देर बाद दम तोड़ दिया। पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया और अन्य कामगारों को ट्रक से आगे रवाना कर दिया। रात लगभग बारह बजे सहारनपुर की ओर से काफी मजदूर पैदल ही आ रहे थे। वहीं दूसरी ओर सीएम योगी ने सड़क दुर्घटना में पंजाब से बिहार जा रहे प्रवासी कामगारों/श्रमिकों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

बताया जा रहा है कि ये हरियाणा में काम करते थे लेकिन लॉकडाउन के चलते काम बंद हुआ तो ये सहारनपुर होते हुए पैदल ही बिहार जाने के लिए चल दिए। पुलिस के अनुसार घलौली चेकपोस्ट व रोहाना टोल प्लाजा के बीच पीछे से सहारनपुर की ओर से आई रोडवेज बस ने कई कामगारों को कुचल दिया। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि दो कामगारों की मौके पर ही मौत हो गई। चार ने कुछ देर बाद दम तोड़ दिया। पांच गंभीर रूप से घायल हो गए

 दुर्घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। वहां पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया और आनन-फानन में अन्य मजदूरों को आगे के लिए रवाना कर दिया। जिला अस्पताल प्रशासन के अनुसार 28 वर्षीय बिजेंद्र पुत्र श्याम निवासी बख्तियारपुर बिहार व बीस वर्षीय हर्ष निवासी बडोली गोपालगंज बिहार की मौत हुई है। मरने वाले चार अन्य की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। सुशील, नाथू सैनी, पवन सैनी व प्रमोद निवासी गोपालगंज बिहार तथा रामजी राय निवासी अलीपुर बिहार गंभीर रूप से घायल हैं। सभी को मेरठ रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद बस का चालक और परिचालक भाग निकले। एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि हादसे में छह की मौत हुई है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने जनपद मुज़फ्फरनगर में एक सड़क दुर्घटना में पंजाब से बिहार जा रहे प्रवासी कामगारों/श्रमिकों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री जी ने सभी घायलों का समुचित उपचार कराने तथा मृतकों के पार्थिव शरीर बिहार राज्य भेजने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये तथा गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रूपए की आर्थिक मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मंडलायुक्त सहारनपुर को दुर्घटना के कारणों की जांच तथा इसके लिए दोषी का उत्तरदायित्व निर्धारित करने के भी निर्देश दिए हैं। ज्ञातव्य है कि इस दुर्घटना से सम्बंधित बस के चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

 

No comments:

Post a Comment

Pages