भ्रष्टाचार में लिप्त होमगार्ड जिला कमांडेंट सेवा से मुक्त - Bharat News Nation 24

Bharat News Nation 24

हर खबर पर नज़र

Breaking news

Monday, 19 October 2020

भ्रष्टाचार में लिप्त होमगार्ड जिला कमांडेंट सेवा से मुक्त

लखनऊ ------: (उत्तर प्रदेश  रिपोर्ट- जेपी द्विवेदी भारत न्यूज़ नेशन 24 नेटवर्क )मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भ्रष्ट आचरण के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए आर्थिक भ्रष्टाचार के दोषी होमगार्ड विभाग के बुलंद शहर के तत्कालीन जिला कमांडेंट मुकेश कुमार को सेवा से पदच्युत करने का आदेश दिया है। मुकेश, वर्तमान में निलंबित चल रहे हैं।


मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्वीट कर मुख्यमंत्री के आदेश की जानकारी दी है। घटनाक्रम के अनुसार बीते नवंबर में मुकेश को लेकर सोशल मीडिया पर तीन वीडियो वायरल हुए थे। वायरल वीडियो में मुकेश होमगार्ड स्वयंसेवकों की विभिन्न प्रकार की ड्यूटी के लिए रुपये लेकर अपने जेब मे रखते हुये दिख रहे थे।
वीडियो क्लिप में हो रही वार्ता में यह साफ था कि यह रुपये जिला कमांडेंट द्वारा होमगार्ड की ड्यूटी हेतु लिए जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए शासन ने तत्काल इसकी पड़ताल कराई।
प्रारंभिक जांच डिप्टी कमांडेंट जनरल होमगार्ड, आगरा के स्तर से हुई, जिनकी रिपोर्ट के आधार पर आरोपित मुकेश को निलंबित कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई थी। वहीं विस्तृत जांच के लिए विवेक कुमार सिंह, डिप्टी कमांडेंट जनरल, केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान लखनऊ को जांच अधिकारी बनाया गया।
जांच में सही पाए गए सभी आरोपी
इस जांच में भी जिला कमांडेंट मुकेश के खिलाफ सभी आरोप सही पाए गए। हालांकि, आरोपित मुकेश ने वीडियो को कूटरचित बताते हुए खुद को निर्दोष बताया था।

सरकार ने वीडियो का परीक्षण विधि विज्ञान प्रयोगशाला लखनऊ में कराया। जहां तीनों वीडियो क्लिप में किसी तरह की छेड़छाड़ की पुष्टि नहीं हुई। अब मुख्यमंत्री योगी ने निलंबित जिला कमांडेंट को सेवा से पदच्युत करने का आदेश दिया है।

No comments:

Post a Comment

Pages