जालौन--------: (रिपोर्ट -बिनय पांचाल भारत न्यूज़ नेशन 24 नेटवर्क) उत्तर प्रदेश बुंदेलखंड जनपद जालौन के कस्बा जालौन में बैठगंज बाजार में बाइक सवार युवकों ने भाजपा नेता व पूर्व सभासद के बेटे और भतीजे को दौड़ाकर पीटा। इससे बाजार में अफरा तफरी मच गई। बाइक सवार युवक इन्हें बाजार में भीड़ के सामने अगवा कर ले गए। पूर्व सभासद ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस की नाकाबंदी देख हमलावर दोनों को सड़क पर छोड़कर भाग निकले। कोतवाल रमेश चंद्र मिश्रा का कहना है कि पुरानी रंजिश का मामला है। रिपोर्ट दर्ज कर हमलावरों की तलाश में दबिश दी जा रही है। मारपीट की पूरी घटना एक दुकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
रविवार शाम लगभग छह बजे भाजपा नेता व पूर्व सभासद लालन ताम्रकार का बेटा ऋषभ व भतीजा श्रीराम काम कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। सब्जी मंडी के पास इलाके के हिमांशु उर्फ गोलू श्रीवास्तव, अमन उपाध्याय, राघव मिश्रा व सद्दाम ने देख लिया। सब्जी मंडी से निकलते ही ऋषभ की बाइक रोक ली। इस पर बैठे ऋषभ व श्रीराम के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट करने लगे। इससे दोनों बाइक से उतरकर भागने लगे। चारों ने पीछा नहीं छोड़ा। दौड़ा-दौड़ाकर पीटने लगे। आखिर में दोनों युवक फाटक वाले हनुमान के पास स्थित रेडीमेड कपड़े की दुकान में घुस गए। हमलावरों ने दोनों को दुकान से निकाल लिया। मारपीट करने लगे। यह दोनों युवकों को बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गए। यह घटना दुकान में मौजूद सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। बाजार में मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी लालन ताम्रकार को दी। उन्होंने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने चारों ओर नाकेबंदी करा दी। कोतवाली में तैनात दरोगा के नेतृत्व में चार टीमें बनाकर युवकों की तलाश शुरू करा दी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावर युवकों को पहचान कर घर भी दबिश दी गई। पुलिस की सक्रियता और नाकेबंदी से आरोपी ऋषभ और श्रीराम को उरगांव रोड पर छोड़कर भाग निकले। यहां यह पुलिस को मिल गए। मारपीट में घायल दोनों युवकों को इलाज के बाद पुलिस कोतवाली ले आई। यहां पूछताछ की गई। इन्होंने बताया कि युवक उसे छौलापुर रोड पर ले गए । यहां बांधकर लाठी, डंडों से मारपीट की। जान से मारने की धमकी भी दी।
पूर्व सभासद की तहरीर पर पुलिस ने चारों युवकों के खिलाफ अपहरण व मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाल रमेशचंद्र मिश्र ने बताया कि युवकों के बीच किसी बात को लेकर रंजिश चल रही थी। रंजिश के चलते ही यह घटना हुई है। पुलिस ने आरोपित युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द हमलावर पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
500 मीटर पर चौकी, पुलिस को नहीं हुई खबर
वारदात से 500 मीटर की दूरी पर चौकी है। दबंग बाजार में करीब 30 से 40 मिनट तक भाजपा नेता के बेटे और भतीजे को बेरहमी से पीटते रहे। असलहे लेकर तांडव किया। व्यापारियों और महिला ग्राहकों में चीख पुकार मची रही। पुलिस को खबर नहीं हुई। भाजपा नेता के सूचना देने पर पुलिस के हाथ पांव हिले। इससे क्षेत्र के भाजपा नेताओं और व्यापारियों में पुलिस की भूमिका को रोष रहा। सभी ने कोतवाली पुलिस की शिकायत एसपी से करने का मन बनाया है। व्यापारियों का कहना है कि जब सत्ता पक्ष के नेताओं के नाते, रिश्तेदार ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम आदमी की स्थिति का अनुमान लगाया जा सकता है।
No comments:
Post a Comment