पत्नी के प्रेमी ने की थी पति की हत्या पुलिस ने किया खुलासा - Bharat News Nation 24

Bharat News Nation 24

हर खबर पर नज़र

Breaking news

Sunday, 6 June 2021

पत्नी के प्रेमी ने की थी पति की हत्या पुलिस ने किया खुलासा

प्रेम प्रसंग में हुई थी पति की हत्या, 3 दिन में पुलिस ने किया खुलासा
उरई जालौन---------:(रिपोर्ट- शिवबालक सिंह राजावत भारत News Nation 24) उत्तर प्रदेश बुंदेलखंड जनपद जालौन के माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र में 2 जून एक युवक की सिर कुचलकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। यह हत्या प्रेम प्रसंग में की गई है। हत्या मृतक की पत्नी के प्रेमी ने की थी। पति प्रेम प्रसंग में बाधक बन रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
भारत न्यूज़ नेशन 24 संवाददाता के अनुसार 3 जून को माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र के कुंवरपुरा बम्बी किनारे झाड़ियों में 26 वर्षीय मूलचरण कुशवाहा का शव मिला था। जिसके सिर पर चोटों के निशान थे। साथ ही उसकी बाइक झाड़ियों में मिली थी। इस मामले में परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा लिखाया था। जिसकी तफ्तीश माधौगढ़ कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रवीण यादव द्वारा की जा रही थी। पुलिस ने रविवार को खुलासा किया कि हत्या मृतक की पत्नी रोशनी के आशिक सोनू कुशवाहा ने की थी।
इस मामले का खुलासा करते हुए जालौन के अपर पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक मूलचरण की पत्नी रोशनी से सोनू का प्रेम प्रसंग चल रहा था। कोरोना कर्फ्यू समाप्त होने के बाद मूलचरण अपनी पत्नी रोशनी को लेकर हरियाणा पानी पूरी का धंधा करने के लिए ले जाने वाला था लेकिन उसकी पत्नी रोशनी माधौगढ़ से जाना नहीं चाहती।
यह बात रोशनी ने अपने प्रेमी सोनू को बताई थी। जिसके बाद सोनू ने योजना बनाते हुए मूलचरण को अपने रास्ते से हटाने के लिए 2 जून की रात को पार्टी करने के बहाने बनाकर बुलाया, जहां उसने योजनाबद्ध तरीके से अपने दोस्तों के साथ मिलकर कुंवरपुरा गांव के समीप बम्बी ले जाकर मूलचरण को बंबी की पटरी पर पटक दिया। जिस कारण उसके सिर में चोट आ गई। सिर पर वार करते हुए उसकी हत्या कर दी और शव को बंबी किनारे पानी में फेंक दिया था।
अपर पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार सिंह के अनुसार हत्यारोपी सोनू ने इस घटना को सड़क हादसा दिखाने का प्रयास किया था। जिस कारण उसकी बाइक को ईट पत्थर से तोड़ दिया था। जिससे मूलचरण की मौत सड़क हादसा लगे। लेकिन माधौगढ़ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार यादव और उनकी टीम ने इस ब्लाइंड केस का पर्दाफाश कर दिया है।
पुलिस के अनुसार रात्रि 9 बजे मृतक मूलचरण घर से बाइक लेकर निकला था लेकिन उसे यह पता नहीं था कि उसकी हत्या की पहले ही साजिश रची जा चुकी है। जहां सोनू ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। फिलहाल आरोपी सोनू को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे जेल भेजा जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

Pages