उरई/मुहम्मदाबाद-------------: (ब्यूरो रिपोर्ट भारतNews Nation 24) उत्तर प्रदेश बुंदेलखंड जनपद जालौन मुख्यालय से 8 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम मोहम्मदाबाद के बंकिम चंद्र चटर्जी इंटर कॉलेज में पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। इसमें हाईस्कूल व इंटर के छात्रों ने मुख्य अतिथि एवं सीओ सदर विजय आनंद से कानून व यातायात व्यवस्था पर सवाल पूछे। सीओ ने सभी बच्चों के सवालों का बाखूबी जवाब दिया कहा कि पुलिस हो या आम आदमी कानून सभी के लिए है। सभी को इसका पालन करना चाहिए।
पाठशाला की शुरुआत छात्र सिद्धार्थ शर्मा के सवाल से हुई। उन्होंने पूछा कि पुलिस सबको यातायात नियमों का पाठ पढ़ाती है लेकिन अक्सर पुलिसकर्मी बिना हेलमेट के या एक बाइक पर तीन लोग जाते दिखते हैं। सीओ ने जवाब दिया कि ऐसा नहीं है कि पुलिस के लिए कानून नहीं हैं, अगर नियम तोड़ते पुलिसकर्मी पकड़े जाते हैं तो उन्हें भी जुर्माना भरना पड़ता है। छात्रा रोजी फातिमा ने पूछा कि पुलिस घटना पर देर से क्यों पहुंचती है, जिस पर सीओ का जवाब था कि ऐसा बिल्कुल नहीं है। अब तो इंटरनेट का वक्त है, सूचना बहुत तेजी से पहुंचती है। यदि जल्द सूचना दी जाती है तो पुलिस जल्द ही पहुंचती भी है।
छात्रा आकांक्षा ने पूछा कि पुलिस पीड़ितों की सुनवाई क्यों नहीं करती है। सीओ ने कहा कि यदि किसी मामले में थाने या चौकी पर सुनवाई न हो तो पीड़ित को किसी नजदीकी अधिकारी के पास जाना चाहिए, जिससे मामले की सुनवाई भी होगी और लापरवाही करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई भी होगी।
सीओ ने बच्चों को समझाया कि सोशल मीडिया से उसकी अच्छाई प्राप्त करें, कभी किसी अंजान को फेसबुक पर मित्र न बनाएं, वह आपकी दोस्ती का गलत फायदा उठा सकता है। इस मौके पर स्कूल के प्रधानाचार्य पीसी गुप्ता के अलावा पवन शर्मा, रमाकांत, नामदेव, शहारुख, भूपेंद्र राजपूत आदि रहे।
No comments:
Post a Comment