थाना शिकायत के लिए जा रही महिला की हमलावरों ने पीट-पीटकर की हत्या - Bharat News Nation 24

Bharat News Nation 24

हर खबर पर नज़र

Breaking news

Wednesday, 10 June 2020

थाना शिकायत के लिए जा रही महिला की हमलावरों ने पीट-पीटकर की हत्या

लखनऊ-------- वैश्विक महामारी कोरोना वायरस संक्रमण के बीच इटावा के बसरेहर थाना क्षेत्र के किल्ली गांव में बुधवार की देर शाम खूनी संघर्ष होने से तनाव का माहौल व्याप्त हो गया। भूमि विवाद होने पर थाने शिकायत करने जा रहे परिवार पर दूसरे पक्ष ने हमला कर दिया। हमलावरों ने पीट पीटकर महिला की हत्या कर दी, जबकि बेटा और बेटी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। ग्रामीणों ने एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस ने घटना की पड़ताल शुरू की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद इटावा के बसरेहर थाना क्षेत्र के किल्ली गांव निवासी नवाब सिंह का परिवार के लोगों से कई वर्षों से भूमि विवाद चला आ रहा है। कुछ दिन पहले दोनों पक्षों के बीच फिर तनातनी बढ़ गई थी और मामला थाने तक पहुंच गया था। बुधवार की शाम करीब सात बजे दोनों पक्षों में हाथापाई हो गई। इसपर नवाब सिंह की पत्नी राजेश्वरी और उनका पुत्र अनुज कुमार और बेटी नमिता मोटरसाइकिल से शाम करीब आठ बजे शिकायत करने थाने जा रहे थे। इस बीच दूसरे पक्ष ने ग्राम नगला मेहंदिया के पास बंबी पर उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। बाइक से खींचकर तीनों काे बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।

राजेश्वरी गंभीर जख्मी हो गईं और बेटे अनुज व बेटी नमिता को भी लहूलुहान कर दिया। चीख-पुकार की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो हमलावर फरार हो गए। ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस बुलाकर घायलों को सामुदायिक अस्पताल पहुंचाया। उनकी हालत गंभीर देखकर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस बीच 50 वर्षीय राजेश्वरी की मौत हो गई, जबकि घायल भाई बहन का उपचार शुरू किया गया। हत्या की जानकारी होने पर पुलिस पहुंच गई और घटना की पड़तला शुरू करके हमलावरों की तलाश में जुट गई है। घटना के बाद से क्षेत्र में सनसनी फैल गई और तनाव का माहौल व्याप्त हो गया है।

No comments:

Post a Comment

Pages