जालौन/सरावन --------: (रिपोर्ट -अतुल शास्त्री भारतNews Nation 24) उत्तर प्रदेश बुंदेलखंड जनपद जालौन के ग्राम सरावन में बिजली के खंभे के अर्थिंग तार में करंट आने से सात साल के बच्चे की मौत हो गई। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने जाम लगाए लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित लोग विद्युत विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाने और मुआवजे की मांग पर अड़ गए।
गोहन थाना क्षेत्र के गांव गोहन निवासी पर्वत कुशवाहा के लड़के की 19 जून को शादी थी। बुआ के बेटे की शादी में शामिल होने के लिए उरई कोतवाली के बरहा गांव निवासी दिलीप कुशवाहा का पुत्र मयंक भी आया था। सोमवार की दोपहर तीन बजे मयंक (7) घर के बाहर खेलने के लिए निकल गया। घर से कुछ ही दूरी पर लगे बिजली के खंभे के अर्थिंग तार में आ रहे करंट की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जैसे ही इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो घर में कोहराम मच गया। आक्रोशित लोगों ने शव को गोहन ऊमरी रोड पर रखकर जाम लगा दिया। लगभग दो सौ महिला-पुरुषों के जाम से यातायात बाधित हो गया। जाम की सूचना पाकर गोहन रामपुरा माधौगढ़ सिरसाकलार आदि थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन लोग नहीं माने और देर रात तक विद्युत विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर जाम लगाए रहे। सूचना पाकर एसडीएम माधौगढ़ सालिकराम भी मौके पर पहुंच गए और जाम लगाए लोगों से बात कर विद्युत विभाग के अधिकारियों को फोन कर मौके पर आने के लिए कहा। खबर लिखे जाने तक ग्रामीण जाम लगाए हुए थे।
No comments:
Post a Comment