जालौन------: (रिपोर्ट- आशीष पाठक भारत News Nation 24 )उत्तर प्रदेश बुंदेलखंड जनपद जालौन के जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम काशीपुरा में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत हो गई। उसके भाई ने अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। कोतवाली में तहरीर भी दी। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
जालौन कोतवाली के काशीपुरा निवासी नीरज देवी (40) पत्नी नरेंद्र बाबू अपने घर में सोई थीं। शुक्रवार की सुबह उनका शव कमरे में पड़ा मिला। नीरज के शव को देखते ही चीख पुकार मच गई। मौके पर पहुंचे प्रभारी कोतवाल आनंद सिंह व पुलिस फोर्स ने मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। उधर, मायके से आए मृतका के भाई आकेंद्र साह ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2006 में बहन नीरज की शादी की गई थी।
इसके बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग कर उसका उत्पीड़न कर रहे थे। बीती 21 फरवरी को भी नीरज के साथ मारपीट की गई थी। जब उसे सूचना मिली तो उसने 22 फरवरी को नीरज को सीएचसी में भर्ती कराया। स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे पहले उरई फिर झांसी रेफर कर दिया। झांसी में इलाज के दौरान 24 फरवरी को ससुराल के लोग जबरन उसे काशीपुरा ले गए।
भाई का आरोप है कि 25 फरवरी की रात ससुराल के लोगों ने मिलकर उसकी बहन नीरज की हत्या कर दी। नीरज के दो पुत्रियां राधा (6) व राखी (3) हैं। प्रभारी कोतवाल आनंद सिंह ने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
No comments:
Post a Comment